राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
पिपरिया। पिपरिया-बनखेड़ी रेलवे ट्रैक पर बांसखेड़ा के पास झाड़ियों में शनिवार सुबह अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ए एस आई वसंत ढोलेकर, आरक्षण शिवम वर्मा एवं चालक आरक्षण राधे श्याम मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पिपरिया स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
एएसआई बसंत ढोलेकर ने बताया कि घटना की सूचना बांसखेड़ा सरपंच आकाश बेलवंशी ने थाने में दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आशंका है कि युवक चलती ट्रेन से गिरकर रेलवे खंभे से टकराया होगा। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










