राजकुमार पटेल विशेष संवाददाता नरसिंहपुर
नरसिंहपुर। आमगांव चौकी क्षेत्र के बघुबार एवं आमगांव में कथित रूप से सट्टा गतिविधियां दोबारा शुरू होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यहां खुलेआम सट्टे का कारोबार संचालित हो रहा है और 1 के 80 जैसे भाव पर दांव लगाए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले क्षेत्र में सट्टे को लेकर खबरें सामने आने और पत्रकार के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद गतिविधियों पर रोक लगी थी। अब स्थानीय लोगों का दावा है कि क्षेत्र में फिर से सट्टे का खेल सक्रिय हो गया है।
मामले को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों ने नरसिंहपुर एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर सट्टा गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि यदि क्षेत्र में सट्टा संचालित हो रहा है तो संबंधित पुलिस चौकी को इसकी जानकारी क्यों नहीं है। पुलिस कार्रवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।









