राजेंद्र पटेल विशेष संवाददाता
बनखेड़ी : शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय संस्था ‘नया सवेरा शिक्षा एवं जनकल्याण समिति’ ने हाल ही में 4 से 12 वर्ष की बच्चियों के लिए एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम में महिला पुलिस कांस्टेबल वर्षा दीक्षित जी द्वारा बच्चियों को आत्मरक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ का महत्वपूर्ण पाठ पढ़ाया गया।
महिला कांस्टेबल ने सरल उदाहरणों के माध्यम से बच्चियों को समझाया कि शरीर के कौन से अंग निजी होते हैं और किसी भी असहज स्पर्श पर उन्हें डरने के बजाय तुरंत ‘ना’ कहकर वहां से हट जाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने बच्चियों को अपने माता-पिता और शिक्षकों से हर बात साझा करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे किसी भी विषम परिस्थिति का साहस से सामना कर सकें।
संस्था के पदाधिकारियों ताहिर अली ने बताया कि वर्तमान परिवेश में बच्चों को छोटी उम्र से ही सुरक्षा के प्रति जागरूक करना अनिवार्य है। संस्था का यह प्रयास बच्चियों में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक अहम कदम है। इस सत्र में संस्था के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई और बच्चियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान कर उनके उज्ज्वल व सुरक्षित भविष्य की कामना की। वही कार्यक्रम मे ताहिर अली, अशोक अहिरवार, विवेक पारासर,अतुल श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे










