राजेंद्र मालवीय नर्मदपुरम
नर्मदापुरम। शहर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालागंज क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने दोनों ठिकानों से करीब 25 लीटर अवैध शराब, जिसकी कुल कीमत लगभग 6500 रुपये बताई गई है, जब्त की है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्णा एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक रंजन के निर्देश तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नर्मदापुरम श्री जितेंद्र पाठक के मार्गदर्शन में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला ने धरपकड़ के लिए टीम गठित की।
14 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बालागंज क्षेत्र में दो स्थानों पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए रखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। पहली कार्रवाई मीरा बाई पति हीरा सिंह कुचबंदिया, निवासी बालागंज के यहां की गई। यहां से सफेद मदिरा के 46 क्वार्टर, बेग पाइपर अंग्रेजी शराब के 6 क्वार्टर तथा बोल्ट बीयर के 12 नग सहित कुल 15.180 लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 3680 रुपये है, बरामद की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई मुद्दी बाई मेषकर पति ब्रह्मा मेषकर, निवासी बालागंज के यहां की गई। पुलिस ने यहां से बोल्ट कंपनी की बीयर के 18 नग और सफेद देशी मदिरा के 5 क्वार्टर सहित कुल 9.900 लीटर शराब, कीमत करीब 2820 रुपये, जब्त की।
दोनों कार्रवाई में कुल 25 लीटर के करीब अवैध शराब और 6500 रुपये कीमत की शराब जब्त की गई। कोतवाली पुलिस ने दोनों प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।









