राजेंद्र पटेल विशेष संवादाता
पिपरिया। हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को भाजपा पिपरिया नगर मंडल, पिपरिया ग्रामीण मंडल एवं खापरखेड़ा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा एवं वाहन रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ सिद्धिविनायक गार्डन से हुआ, जो सिलारी, हथवास होते हुए मंगलवारा चौराहे तक पहुंची।

रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। वाहनों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। मार्ग में लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
आयोजकों ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस के पर्व को देशभक्ति की भावना के साथ मनाने का आह्वान किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।










