कांग्रेस ने रोका भाजपा का विजय रथ जिला पंचायत पर कांग्रेस का कब्जा राधा बाई सुधीर पटेल बनी अध्यक्ष, भाजपा की योजनगंधा हारी, पूर्ण बहुमत के बाद भाजपा की हार से संगठन कटघरे मे
शकील नियाज़ी,पिपरिया।
ग्राम सरकार चुनाव में जीत दर जीत दर्ज कराती भाजपा का भागता विजय रथ कांग्रेस ने नर्मदापुरम में रोक कर तगड़ा झटका दे दिया है। शुक्रवार को नर्मदापुरम (होशंगाबाद) जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त की गूँज प्रदेश स्तर तक है। दोपहर तक भाजपा प्रत्याशी के निर्विरोध जीतने की अफवाह सोशल मीडिया पर चलती रही। इसके उलट जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए भाजपा कांग्रेस प्रत्याशियों के नॉमिनेशन फाइल हो चुके थे। कुल 15 सदस्यी जिला पंचायत मे 10 भाजपा समर्थित थे। लेकिन वोटिंग के दौरान 3 सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग कर दी। परिणाम चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी राधाबाई सुधीर पटेल को 8 वोट हासिल हुए वहीं भाजपा की योजनगंधा को 7 वोट मिले। 1 वोट से कांग्रेस प्रत्याशी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद जीत जिले में इतिहास रच दिया। भारतीय जनता पार्टी को इस प्रतिष्ठा पूर्व चुनाव में मिली हार के बाद मंथन करना होगा आखिर उनके वोट कहां गए। दूसरी तरफ जिला मुख्यालय पर इस अप्रत्याशित परिणाम के सामने आने पर हाशिए पर खड़ी कांग्रेसियों में जान फूक दी। जिले के कांग्रेसी नेता सारी चुनावी पराजय को भूलाकर एक दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं देते दिखे। इस मौके पर कांग्रेस की पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल कपिल फौजदार, जिला अध्यक्ष सतेंद्र फौजदार,पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सोहागपुर सतपाल पलिया, राज कुमार केलू,शिवराज चन्द्रोल, चंद्र गोपाल मलैया धर्मेंद्र तिवारी अनोखेलाल राजोरिया मीना वर्मा हेमंत नरवरिया हेमंत चौधरी राकेश शर्मा, बाबू चौधरी राधेश्याम पटेल संतोष मालवीय सुहागपुर मीना वर्मा, गुलाम हैदर फैजान उल हक, गुलाम मुस्तफा मयूर जयसवाल सहित जिले भर के कांग्रेसी नेता मौजूद रहे कांग्रेसियों ने विजई प्रत्याशी के साथ सेठानी घाट पहुंच मां नर्मदा का पूजन अर्चन किया। परिणामों के जय पराजय को लेकर पक्ष विपक्ष के जवाबदेह नेताओं के रटे रटाए वक्तव्य जारी होना शुरू हो गए हैं। यह परिणाम कांग्रेस के लिए ऑक्सीजन हो सकते हैं यह उत्साह कब तक बरकरार रहेगा कहा नहीं जा सकता। लेकिन भाजपा के लिए यह बेहद चौंकाने वाले परिणाम हैं। सत्ता के लिए दूषित घाल मेल पर विरोध और क्रोध खुलकर इस पूरे मामले में आया है।यह डैमेज कंट्रोल होगा या नहीं यह भी भविष्य के गर्त में है।