
प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार सोहागपुर पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी
उनके साथ राम तो हमारे साथ राम कृष्ण हनुमान जी सभी हैं- संजय शर्मा
सोहागपुर / नर्मदापुरम नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र से आखिरकार कांग्रेस ने शनिवार रात अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। इस बार कांग्रेस ने नरसिंहपुर जिले की तेंदूखेड़ा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक संजय शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। उनका मुकाबला भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी से है।
प्रत्याशी घोषित होने के बाद रविवार शाम संजय शर्मा पहली बार नगर पहुंचे एवं कार्यकर्ताओं से मिले। लोकसभा प्रत्याशी के सोहागपुर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी जोश देखा गया नगर के निजी होटल में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। संजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें एकजुट ठोकर चुनाव लड़ना होगा।
मीडिया कर्मियों ने उनसे पूछा कि विपक्षी पार्टी राम को लेकर जनता के बीच है तो उन्होंने कहा कि उनके साथ राम है हमारे साथ राम,कृष्ण, हनुमान जी और सभी भगवान है हम भी घर से सुबह पूजन करके ही निकलते हैं हम सनातनी हैं। विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद लोकसभा चुनाव में क्या माहौल रहेगा इस सवाल पर संजय शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता पूरे जोश में है और हमारे साथ पूरा जन समर्थन है। पार्टी के साथ रहने वाले कार्यकर्ताओं के हम साथ हैं और जो जाना चाहते हैं वह चले गए।लोकसभा क्षेत्र में पार्टी का एक भी विधायक नहीं होने पर उन्होंने कहा कि जनता का फैसला है जनता ऐसे ही बदलाव लाती है। इस बार जनता कांग्रेस के साथ है। लोकसभा चुनाव मुद्दों को लेकर लड़ा जाता है हम जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ रहे हैं।
पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पराज पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ढाई लाख किसानों के आंदोलन को सरकार के सामने गिरवी रखने वाले को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। कार्यकर्ताओं को यह बात घर-घर जाकर मतदाताओं को बतानी होगी। किसान और भाजपा कभी एक पाले में हो ही नहीं सकते। कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद संजय शर्मा पिपरिया की ओर रवाना हुए।